भड्डू में किशोरी का वैक्सीनेशन करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत जागरूक पाठक
पीएचसी भड्डू में शुरू हुई वैक्सीन ड्राइव
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को पीएचसी भड्डू में भी शुरुआत की गई। जिले भर में अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 72 किशोरियों को वैक्सीन की डोज दी गई। इसके साथ ही अब तक टीका लगवाने वाली किशोरियों की कुल संख्या बढ़कर 417 हो गई है।
गत 28 फरवरी को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के सहायक अस्पताल से शुरू हुई थी। इसमें अभियान के पहले दिन 14 से 15 आयु वर्ग की 17 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। वर्तमान में पूरे जिले के 15 से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया जा रहा है। इसमें उपजिला अस्पतालों सहित शहर के जच्चा-बच्चा अस्पताल भी शामिल है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वासना शर्मा ने बताया कि सोमवार को बनी में 29, बसोहली और परोल में 10-10, जबकि बिलावर में 14 और हीरानगर में 9 किशोरियों को वैक्सीन दी गई है।
उन्होंने बताया कि जिले भर में कुल 4583 किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए चुना गया है, जिन्हें अगले तीन महीनों के भीतर डोज दी जाएगी। डॉ. वासना ने बताया कि जैसे-जैसे विद्यार्थियों की अंतिम परीक्षाएं समाप्त हो रही हैं वैसे-वैसे वैक्सीन में तेजी आ रही है। उन्होंने बताया कि अगर इसी गति से हर मेडिकल ब्लॉक पर किशोरियों का टीकाकरण होता रहा तो हम समय के पहले ही अभियान को पूरा कर लेंगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 से 15 आयु वर्ष की बेटियों को समय पर एचपीवी का टीका लगवाएं।