शिक्षा विभाग ने समग्र शिक्षा के तहत जारी की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चार स्कूलों में अतिरिक्त सात कक्षा कक्ष निर्माण को मंजूरी मिली है। यह निर्णय विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और कक्षाओं की कमी को देखते हुए लिया गया है। इसके निर्माण पर 1,18,42,000 रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह राशि समग्र शिक्षा के तहत जारी की गई है।
शिक्षा विभाग के अनुसार इसमें तीन हाई स्कूल और एक मिडिल स्कूल शामिल हैं जहां इन सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। गत अगस्त माह में भारी बारिश और बाढ़ से कुछ कक्षा कक्ष को असुरक्षित घोषित कर दिया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने इस स्कूल में दो अतिरिक्त कक्ष बनाने का निर्णय लिया है। इसमें 36 लाख की राशि खर्च होगी।
राजकीय हाई स्कूल भल्लड़ और हाई स्कूल पारली बंड में भी दो-दो अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे। इन दोनों स्कूलों में 72 लाख की राशि खर्च की जाएगी। वहीं, मिडिल स्कूल दीवान कृपा राम में 10,42,000 हजार की राशि से एक अतिरिक्त कक्षा कक्ष बनेगा। यह राशि शिक्षा विभाग ने समग्र शिक्षा के तहत जारी की है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। इन निर्माण कार्यों को अगले छह महीने के भीतर पूरा करने की योजना है। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्कूलों में कक्षाओं की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
समग्र शिक्षा के तहत राशि जारी होने के साथ ही निर्माण कार्य की कवायद शुरू कर दी है। हाई स्कूलों में बनने वाले प्रत्येक अतिरिक्त कक्ष पर 18 लाख जबकि मिडिल व प्राइमरी स्कूलों में बनने वाले कक्ष पर 10,42,000 की राशि से तैयार होंगे। उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।
- दविंद्र कुमार, सहायक निदेशक योजना स्कूल शिक्षा विभाग