सोमवार से कुछ अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरू किया जाएगा टीकाकरण अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में एक दर्जन से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 से 15 आयु के बीच की किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण लगातार जारी है। शनिवार को कुल 41 किशोरियों को वैक्सीन डोज दी गई जिसके साथ जिले में अब तक टीकाकरण करवाने वालों की संख्या बढ़कर 345 हो गई है।
28 फरवरी को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के सहायक अस्पताल से शुरू टीकाकरण अभियान अब कुल 15 स्वास्थ्य केंद्रों में दिया जा रहा है। वहीं आगामी सोमवार से कुछ अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर शुरू किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वासना शर्मा ने बताया कि शनिवार को मेडिकल ब्लॉक बनी में कुल 7 किशोरियों को वैक्सीन की डोज दी गई जबकि बिलावर में 13, बसोहली में 4, हीरानगर में 9 और परोल में आठ को डोज दी गई।
उन्होंने बताया कि जिले भर में कुल 4583 किशोरियों को एचपीवी टीकाकरण के लिए चुना गया है जिन्हें तीन महीनों के भीतर डोज दी जाएगी। डॉ. वासना ने बताया कि सोमवार से अभियान से सभी मेडिकल ब्लॉक में तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि समर जोन के ज्यादातर स्कूलों में शैक्षणिक सत्र की अंतिम परीक्षाएं खत्म होने जा रही है। इसके बाद ज्यादा से ज्यादा किशोरियों को टीकाकरण की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे 14 से 15 आयु वर्ष की बेटियों को समय पर एचपीवी का टीका लगवाएं। बता दें कि शनिवार को बिलावर के पीएचसी रामकोट में अभियान की शुरुआत की गई है जिससे स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।