एचपीवी टीकाकरण करतीं स्वास्थ्यकर्मीसंवाद
सोमवार से उपजिला अस्पताल स्तर पर शुरू होगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले की 14 से 15 वर्ष आयु वर्ष के बीच की किशोरियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के सहायक अस्पताल में कुल 17 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। सोमवार से टीकाकरण की शुरुआत उपजिला अस्पतालों स्तर पर शुरू की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से कुल 27 नामित केंद्रों पर यह टीकाकरण शुरू किए जाने की योजना है।
शनिवार को एचपीवी टीकाकरण का उद्घाटन स्थानीय विधायक डॉ. भारत भूषण और डीसी राजेश शर्मा ने जीएमसी प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र अत्री और जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना की उपस्थिति में किया गया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वासना शर्मा ने बताया कि अभियान के पहले दिन कुल 17 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। इसमें छह किशोरियों ने पहले से ही पंजीकरण करवाया हुआ था जबकि 11 लाभार्थियों को मौके पर सहमति दिए जाने के बाद टीकाकरण किया गया है।
डॉ. वासना ने बताया कि यह टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के साथ-साथ एचपीवी संक्रमण से होने वाले कैंसर का भी बचाव करता है। उन्होंने बताया कि सोमवार से यह अभियान उपजिला स्तर पर शुरू किया जा रहा है। विधायक डॉ. भूषण ने कहा कि जानलेवा बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूकता और निवारक स्वास्थ्य उपाय अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनी हुई है और समय पर टीकाकरण इससे बचाव का सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। उपायुक्त राजेश शर्मा ने बताया कि यह अभियान जिले के 27 नामित केंद्रों पर चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कोल्ड चेन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, व्यापक जागरूकता अभियान चलाने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बता दें कि जिले भर में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से करवाए गए सर्वेक्षण के आधार पर कुल आबादी की एक फीसदी किशोरियों को टीकाकरण के लिए चुना गया है। यह संख्या 14 से 15 साल आयु की बीच की 4583 किशोरियों को चिह्नित कर टीकाकरण किया जाएगा। इसमें अभिभावकों की सहमति और स्वास्थ्य विभाग के पंजीकरण अनिवार्य हैं।