कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज बिलावर और ब्लॉक चिकित्सा कार्यालय की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
यह कार्यक्रम कॉलेज के आईक्यूएसी विंग और एनएसएस इकाई द्वारा वीरवार को आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और एनएसएस स्वयंसेवकों को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक जीवन रक्षक कौशल और व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपलब्ध विशेषज्ञ टीम ने प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन), फ्रैक्चर प्रबंधन, रक्तस्राव नियंत्रण, जलने की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा दुर्घटनाओं व अन्य गंभीर परिस्थितियों में प्रारंभिक प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
प्रतिभागियों को समय पर चिकित्सा हस्तक्षेप के महत्व और प्रथम प्रतिक्रिया देने वालों की भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया। कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर अत्यंत उपयोगी और प्रभावशाली साबित होगा, जिससे न केवल संस्थान बल्कि व्यापक समुदाय में भी आपातकालीन तैयारी को मजबूती मिली। कार्यक्रम के अंत में एक इंटरेक्टिव सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रश्नों का समाधान प्राप्त किया और अपने अनुभव साझा किए। उपस्थित प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।