कठुआ। बनी क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के एक शिष्टमंडल ने बनी-बसोहली मार्ग पर स्थापित वाइन शॉप को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
शिष्टमंडल का नेतृत्व कर कांग्रेस नेता लेख राज ने बताया कि मार्ग के किनारे स्थापित वाइन शॉप से न केवल लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, बल्कि इस जगह पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैै। हाल में एक महिला सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। शिष्टमंडल ने उपमंडल अधिकारी को अवगत करवाया कि वर्तमान में जिस जगह पर वाइन शॉप को स्थापित किया गया है। वहां पहले ही दो बैंक कोऑपरेटिव बैंक और जेके बैंक स्थापित हैं। जहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि इसके आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के घर और मंदिर भी है। लिहाजा उन्होंने इस वाइन शॉप को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की गुहार लगाई है। उनकी मांग है कि लोगों को हो रही असुविधा को रखते हुए इससे किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक वातावरण बना रहे।
वहीं, एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर नियमानुसार विचार किया जाएगा। संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच राकेश गुप्ता, पूर्व नायब सरपंच जसवंत सिंह, मास्टर राजेश, राधाकृष्ण, देवराज सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।