कठुआ। उपमंडल प्रशासन हीरानगर और समाज कल्याण विभाग की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक दिवसीय मनोरंजन सह भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें इलाके के 20 वरिष्ठ नागरिकों को हीरानगर स्थित जैसमेरगढ़ किले का भ्रमण करवाया गया। इस मौके पर प्रशासन द्वारा उनके के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
वीरवार को वरिष्ठ नागरिकों के दल को एसडीएम फुलैल सिंह ने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर तहसीलदार हीरानगर एवं उपमंडल के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस मौके पर आयुष विभाग द्वारा योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें शारीरिक फिटनेस और तनाव प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उनका मनोरंजन किया गया। कार्यक्रम में जांडी किला मंदिर के महंत कृष्णानंद भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अपने विचार साझा किए। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुरानी आयु पेंशन (आईएसएसएस) के तहत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विशेष पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का समन्वय तहसील समाज कल्याण अधिकारी मनजीत सिंह और हायर सेंकेडरी स्कूल हीरानगर के व्याख्याता कुलदीप सिंह की ओर से किया गया।