लोगों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। हीरानगर लिंक मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान ऑटो चालकों ने आखिरकार खुद ही सड़क के गड्ढे भरने का बीड़ा उठा है। दर्जनों ऑटो चालकों ने अपने वाहनों से मिट्टी व कंकड़ लाकर रेलवे मार्ग के नीचे बने गहरे गड्ढों को भरने का काम किया है।
ऑटो चालक अशोक कुमार और सतीश कुमार ने बताया कि यह लिंग मार्ग एसडीएम और तहसील हेडक्वार्टर को राष्ट्रीय राजमार्ग जम्मू-पठानकोट से जोड़ता है। लंबे समय से इस मार्ग पर इतने गहरे गड्ढे बने हुए कि आए दिन ने केवल वे हादसों का कारण बन रहे है, बल्कि उनके वाहन भी खराब हो रहे है। उन्होंने कई बार सब डिवीजन प्रशासन से सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की, लेकिन जब संबंधित विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होते देख बुधवार को चालकों ने गड्ढों को भरने का बीड़ा खुद उठाया है।
स्थानीय ऑटो चालकों का कहना है कि रोजाना सैकड़ों वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं जिनमें स्कूली बच्चे, कर्मचारी और ग्रामीण शामिल हैं। गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई थी। उन्होंने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई और कहा कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य कराया जाता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग शीघ्र ही सड़क की स्थायी मरम्मत करवाए।