कीटनाशक लैब के संबंध में मंत्री को जानकारी देते मुख्य कृषि अधिकारी संवाद
कठुआ। कृषि मंत्री जावेद अहमद डार ने लखनपुर में पशुपालन विभाग की बाढ़ से क्षतिग्रस्त रिंडरपेस्ट चेक पोस्ट का पुनर्निर्माण करवाने का आश्वासन दिया है। यह इमारत बीते साल आई रावी दरिया की बाढ़ में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा रिंडरपेस्ट चेक पोस्ट के पुनर्निर्माण की एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट मंत्री को सौंपी गई। जिसकी लागत लगभग छह करोड़ बताई जा रही है। रिंडरपेस्ट चेक पोस्ट पर पशुओं और पोल्ट्री जांच की व्यवस्था न होने का हवाला देते हुए अधिकारियों ने आधुनिक लैब स्थापित करने का प्रस्ताव भी मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि हाईटेक लैब की जरूरत है और उसकी स्थापन के लिए जल्द निर्णय लिया जाएगा। व्यापारियों ने मंत्री को बताया कि दुधारू पशुओं की जांच रिपोर्ट में समय लगाता है, जिसके कारण उनको प्रवेशद्वार रिपोर्ट का लंबा समय इंतजार करना पड़ता है। मंत्री डार ने कहा कि एक अत्याधुनिक लैब की स्थापना समय की मांग है। इससे पशुधन और पोल्ट्री बर्ड्स की त्वरित जांच की जल्द व्यवस्था की जाएगी। इससे न केवल प्रदेश में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंकाओं को काफी हद तक रोका जा सकेगा, बल्कि आधुनिक लैब स्थापित होने से पशुपालन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ से रिंडरपेस्ट चेक पोस्ट क्षतिग्रस्त होने पर पर्यटन विभाग की इमारत से अस्थाई तौर कार्यात्मक बनाया गया है। क्योंकि कुछ महीने बाद श्री अमरनाथ यात्रा शुरू हो जाएगी, जिससे चेक पोस्ट को उस इमारत से चलाने में मुश्किल आ सकती है।