बकराक क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाते हुए स्त्रोत जागरूक पाठक
छापेमारी में एक तस्कर गिरफ्तार, 20 हिरासत में, सात वाहन जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। चिट्टा हॉट स्पॉट बकराक में लोगों के खुलकर नशे के खिलाफ सामने आने के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। व्यापक स्तर पर चलाए गए अभियान में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गांव के विभिन्न स्थानों में संदिग्ध नशा तस्करों के घरों में दबिश देकर एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है जबकि सात वाहनों को भी जब्त किया है।
गांव में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ स्थानीय लोगों की एकजुटता के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार पूरा दिन व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस थाना प्रभारी राजबाग सुशील शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अब तक एक नशा तस्कर को 7.8 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कुल 20 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इस दौरान पुलिस ने सात वाहनों को जब्त किया है जिन्हें नशा तस्कर नशे के कारोबार के लिए इस्तेमाल करते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक की पूछताछ में हिरासत में लिए गए लोगों से दो बड़े नशा तस्करों के नाम सामने आए हैं। इनकी तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्धों से लगातार पूछताछ जारी है। जब्त किए गए सात वाहनों की भी जांच की जा रही है। बता दें कि दो दिन पूर्व बकराक के स्थानीय लोगों ने गांव में बढ़ते नशे की गतिविधियों को लेकर खुलकर विरोध जताया था और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। स्थानीय लोगों हाथों में लाठियां लेकर दिन रात पहरा दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नशा तस्कर दिन में स्थानीय युवकों को नशा बेचते हैं और रात को मवेशी तस्करी करते हैं। इससे कई घर पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं।