संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के फील्ड कार्यालय द्वारा आईटीआई बसोहली में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में चलाए जा रहे वीबीजी रामजी और स्किल इंडिया विषय जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि, जबकि ब्लॉक विकास अधिकारी राजेश कुमार शेष रूप से मौजूद रहे। एडीसी भगोत्रा ने ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सीबीसी से अपील की कि दूरदराज क्षेत्रों में भी अभियान को और तेज किया जाए ताकि अधिकतम लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। वीबीजी रामजी अधिनियम 2025 के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने इसे जमीनी स्तर पर सुशासन और ग्रामीण विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। वहीं, ग्रामीण विकास विभाग से शौकत अली ने वीबीजी रामजी अधिनियम 2025 को लेकर ग्रामीणों विस्तार से जानकारी दी। कोशल विकास विभाग के लक्षय नय्यर ने स्किल इंडिया विषय पर बात रखी। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी की समस्या के समाधान में कौशल विकास की अहम भूमिका को रेखांकित किया। कहा कि स्किल इंडिया युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। अमनदीप बाली ने युवाओं और विद्यार्थियों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को इन अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए। सीबीसी के प्रभारी राजेश शर्मा ने प्रतिभागियों को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विश्वास जताया कि सरकार की यह पहल विकसित भारत के लक्ष्य की ओर एक मील का पत्थर साबित होगी।