कठुआ। राजबाग पुलिस ने कंटेनर में हो रही मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस ने अमानवीय तरीके से लदे 24 मवेशियों को मुक्त करवाकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है।
राजबाग थाना प्रभारी सुशील शर्मा ने बताया कि मामला रविवार दोपहर का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मवेशी तस्करी का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजबाग स्थित जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका स्थापित कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान कठुआ की ओर से आ रहे एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस टीम ने कंटेनर के भीतर 24 मवेशियों को अमानवीय तरीके से लदे हुए पाया। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया। सुशील शर्मा ने बताया कि सभी मवेशियों को मुक्त करवाकर भागथली स्थित गोशाला में सुरक्षित रखा गया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि तस्कर मवेशियों को पंजाब की ओर से लाए थे और उन्हें जम्मू की ओर ले जाने की फिराक में थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।