कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज बसोहली की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से सात दिवसीय शीतकालीन विशेष शिविर का शुक्रवार को आगाज हो गया। इसमें स्वयंसेवक ने नशा मुक्त भारत से लेकर विकसित भारत और स्वच्छता का संदेश फैलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रधानाचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन सत्र में एनएसएस स्वयंसेविका ममता देवी ने सरस्वती वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल ने बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता रैलियां, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सत्र, व्यक्तित्व विकास और प्रेरणादायक व्याख्यान तथा सामुदायिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवक रितेश डोबलिया और मेहक ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर डॉ. शुभ कुमार, प्रो. राजेश कुमार, रोशन लाल शर्मा, डॉ. उजाला देवी सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।