टाउन एंड सिटी योजना के तहत 53 लाख रुपये स्वीकृत, फिर भी शुरू नहीं हुआ मरम्मत कार्य
बरवाल और सहार लोगेट के लोग भुगत रहे खामियाजा
कठुआ। शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्र बरवाल और सहार लोगेट को जोड़ने वाली दो प्रमुख सड़के लंबे समय बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह उखड़े तारकोल से बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
खस्ताहाल सड़कों के कारण आए दिन इन मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है लेकिन संबंधित विभाग मरम्मत कार्य शुरू करवाने में देरी कर रहा है। जर्जर हो चुकी सड़कों का खामियाजा बरवाल और सहार लोगेट के लोगों के साथ-साथ यहां स्थापित नया औद्योगिक क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सहार औद्योगिक क्षेत्र को लगने वाला मार्ग की हालत वर्तमान में इतनी खराब है कि जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण बड़े मालवाहक को निकलने में मुश्किल आती है। इससे इस सड़क पर अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस कारण कई बार स्कूली बच्चे जाम में फंस जाने से समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं।
बता दें कि बीते जुलाई माह पहले सरकार की ओर से सिटी एंड टाउन योजना के तहत इन दो प्रमुख ग्रामीण सड़कों की मरम्मत व तारकोल बिछाने के लिए के लिए कुल 53 लाख की राशि आवंटित की गई थी, लेकिन कई महीने बीतने के बाद आज तक सड़कों की दशा सुधारने की कवायद शुरू नहीं हुई है। इससे लोगों में रोष है।
इस योजना के तहत 33 लाख की लागत से बरवाल लिंक मार्ग की का मरम्मत होना है जबकि 20 लाख से औद्योगिक क्षेत्र सहार-लोगेट को लगने वाली मुख्य सड़क पला मोड़ तक तारकोल बिछाई जानी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग की ओर से केवल घोषणा तो कर दी गई लेकिन मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्वीकृत राशि का उपयोग कर शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करवाने की मांग की है।
कोट
दोनों सड़कों की मरम्मत व तारकोल बिछाने का कार्य ठेकेदार को आवंटित किया जा चुका है। मौसम की खराबी के कारण अभी तक कार्य शुरू नहीं हो सका। अब मौसम में सुधार हो रहा है। उम्मीद है कि अगले एक-दो सप्ताह के भीतर दोनों सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा।
- महेश शर्मा, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग