कठुआ। राजबाग पुलिस ने कार से हो रही खैर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने कार को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दी है।
मामला बीती शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा है। जब राजबाग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाका चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक वाहन को रुकने का इशारा किया। आरोपी वाहन चालक पुलिस टीम को देखकर वाहन को नाका से पहले ही खड़ा कर मौके से भागने में कामयाब रहा। नाका टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें दर्जन के करीब खैर के लट्ठे बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। बताया जा रहा है पुलिस नाकों पर बढ़ती मुस्तैदी को देखकर खैर तस्करों ने वाणिज्यिक वाहन की बजाय निजी वाहनों से तस्करी को अंजाम देना शुरू किया है। वहीं, पुलिस के मुताबिक खैर से लदी कार को पंजाब की ओर लेकर जाने की फिराक में थे।