कठुआ। शिक्षा जोन बनी में कार्यरत शिक्षकों के बीते दिसंबर माह का वेतन और बाल शिक्षा भत्ता भुगतान न होने पर सीडीएम बनी ने मामले का संज्ञान लिया है। शुक्रवार को आदेश जारी कर एसडीएम संदीप कुमार ने जोनल शिक्षा अधिकारी (जेडईओ) और ट्रेजरी ऑफिसर बनी को 9 फरवरी को दस्तावेज के साथ तलब किया है। एसडीएम ने दोनों अधिकारियों को स्पष्ट कहा है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थिति होना अनिवार्य है।
बता दें कि बीते वीरवार को ऑल टीचर जॉइंट एक्शन कमेटी की इकाई बनी ने शिक्षकों ने एसडीएम से गुहार लगाई थी। इसमें शिक्षकों ने बताया था कि शिक्षकों को न तो बीते दिसंबर माह का वेतन मिला है और न ही बच्चों का शिक्षा भत्ता जारी किया गया है। इसके कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।