कठुआ। ऑल टीचर जॉइंट एक्शन कमेटी की बनी इकाई ने शिक्षकों की समस्याओं को लेकर एसडीएम बनी को ज्ञापन सौंपा है। वीरवार को एसडीएम कार्यालय में पहुंचे लियाकत अली के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को बताया कि शिक्षा जोन बनी में कार्यरत शिक्षकों को न तो बीते दिसंबर माह का वेतन मिला है और न ही बच्चों का शिक्षा भत्ता जारी किया गया है। इसके कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बच्चों के शिक्षा भत्ते का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। उन्होंने बताया कि समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों के दैनिक जीवन और पारिवारिक जिम्मेदारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की अपील की। इस मौके पर कमेटी के उपाध्यक्ष रोशन लाल के अलावा संजय ललहाल, दलीप सिंह और राम लाल भी मौजूद रहे।