कठुआ। लखनपुर पुलिस ने केले की आड़ में हो रही मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया है। पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान लखनपुर स्थित एक वाहन को रोककर तलाशी ली। इसमें केले की आड़ में वाहन के भीतर बनाई गई कैविटी में कुल 18 मवेशियों को अमानवीय तरीके से लदा पाया गया। पुलिस ने सभी मवेशियों को मुक्त करवाकर उन्हें कीड़िया गंडयाल गोशाला में रखा है।
जानकारी के अनुसार, मामला बीती बुधवार देर रात का है। लखनपुर थाना प्रभारी तारिक अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम हाईवे पर नाका चेकिंग के दौरान वाहनों की तलाशी ले रही थी। इस बीच पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। इसमें 18 मवेशी लदे पाए गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ने बताया कि मवेशी तस्कर पंजाब से जम्मू की ओर जाने की फिराक में थे। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर मवेशी तस्करी हो रही है। इसके चलते पुलिस ने रात में ही नाका लगा दिया। जम्मू-कश्मीर में प्रवेश पाने वाले हर वाहन की तलाशी ली गई। वहीं, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।