कठुआ। युवाओं को नशे से दूर रखकर बेहतर समाज के निर्माण के उद्देश्य से नशा मुक्त भारत क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच चडवाल इलेवन ने जीता।
उद्घाटन मैच में बरनोटी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 15 ओवरों के इस सीमित मुकाबले के दौरान 14 ओवरों में 10 विकेट खोकर 75 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चडवाल इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र चार ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए चडवाल इलेवन के ऋषभ ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आबकारी विभाग की तरफ से जिला प्रशासन के सहयोग से करवाए जाने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने किया। बुधवार को प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डीसी राजेश शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आबकारी विभाग की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि खेल ही एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है, इसलिए इस तरह के प्रयास लगातार होते रहने चाहिएं।
प्रतियोगिता के संबंध में आबकारी विभाग के ईटीओ कशिश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीमें शामिल हुई हैं, जिनके बीच मुकाबले खेले जाएंगे। सोमवार को प्रतियोगिता का फाइनल मैच आयोजित किया जाएगा।