कठुआ। उपायुक्त राजेश शर्मा ने शिक्षा क्षेत्र के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। वीरवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान राजेश शर्मा ने शैक्षणिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इस दौरान हाई स्कूल बिलावर, हायर सेकेंडरी स्कूल महानपुर, मच्छेड़ी और कठेरा के निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कार्यकारी अभियंता को सभी बाधाओं को दूर कर निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य खत्म करने का निर्देश दिया। बैठक में हायर सेकेंडरी स्कूल खरोट और मिडिल स्कूल चक शेखां स्कूलों के निर्माण कार्यों की भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान निकालने को कहा गया।
वित्त वर्ष 2025-26 के तहत समग्र शिक्षा व कैपेक्स बजट के तहत प्रस्तावित नए कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण, हायर सेकेंडरी स्कूल सन्नघाट और रौलका के अलावा हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर के पुनर्निर्माण को जल्द पूरा करने का आदेश दिया है। इस मौके पर उपायुक्त ने बिलावर स्थित प्रस्तावित उप मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय और हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरू नगरोटा के आधुनिकीकरण कार्यों को शुरू करवाने का निर्देश दिया है। बैठक में मुख्य योजना अधिकारी रणजीत ठाकुर, एसीडी अखिल सदोत्रा, मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण, जिला शिक्षा योजना अधिकारी अंजना मन्याल, सहायक निदेशक योजना स्कूली शिक्षा देविंदर सिंह के अलावा कार्यकारी अभियंता, जोनल शिक्षा अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।