कठुआ। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनोहर लाल शर्मा ने प्रदेश में दैनिक वेतनभोगियों और अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण करने की मांग की है। उन्होंने दोहराया कि पिछले 15 सालों से विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे वेतनभोगियों व अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी न होने के कारण विभिन्न मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। लिहाजा उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग उठाई है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि ये कर्मचारी जम्मू-कश्मीर की आवश्यक सेवाओं की रीढ़ हैं। जलापूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को सुचारू रूप से चलाने में इनकी अहम भूमिका है लेकिन सरकार की उदासीनता के कारण इन्हें असुरक्षा और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अब समय आ गया है कि इन्हें नियमित कर सम्मान और सुरक्षा दी जाए। उन्होंने लंबित वेतन के तत्काल भुगतान की भी मांग की। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और उन्हें उनके हक से वंचित रखना अमानवीय है। उन्होंने मांग की है कि सरकार को तुरंत बकाया राशि जारी करनी चाहिए और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।
ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल स्थिति पर डॉ. शर्मा ने खराब सड़कों, अनियमित बिजली आपूर्ति, अपर्याप्त स्वास्थ्य सेवाओं और कमजोर शैक्षणिक संस्थानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने ग्रामीण-शहरी अंतर को पाटने के लिए समग्र विकास योजना लागू करने की मांग की है।