वार्षिकोत्सव के रंगारंग आयोजन में विद्यार्थियों ने भरा रंग
कठुआ। संगीत, नृत्य और कविताओं से सजे वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने शहर के आरएस गोल्डन हायर सेकेंडरी स्कूल प्रांगण को उत्सव जैसा माहौल बना दिया। रविवार को स्वागत गीत और सरस्वती वंदना के साथ शुरू होने वाले कार्यक्रम में स्कूल के नर्सरी से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान जहां नन्हें विद्यार्थियों ने परिवार और शिक्षक थीम पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं तो वरिष्ठ छात्रों ने देशभक्ति गीतों, सामाजिक संदेशों और सांस्कृतिक नृत्यों से समारोह को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में धक-धक धरती, वंदे मातरम, लहरा दो जैसे गीतों पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने वातावरण को जोश से भर दिया। वहीं पंजाबी और डोगरी नृत्य ने क्षेत्रीय संस्कृति की झलक पेश की। विद्यार्थियों ने ओल्ड एज होम्स विषय पर प्रस्तुति देकर समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। कव्वाली और कविताओं ने समारोह को और भी भावपूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पेंटिंग, खेलकूद, इंटर-स्कूल प्रतियोगिताओं और नृत्य समूहों में प्रतिभा दिखाने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान किए गए। शिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए प्रशंसा सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी कमिश्नर, स्टेट टैक्सेज एनफोर्समेंट जोगिंदर सिंह जसरोटिया सहित विशेष अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर महिला डिग्री कॉलेज डॉ. रचना और लेफ्टिनेंट कर्नल गगनदीप सिंह ने आयोजन को सराहते हुए स्कूल प्रबंधन को प्रोत्साहित किया।
वहीं, स्कूल के प्रधानाचार्य जसबीर सिंह ने अपने पिता स्व. रवि सिंह को याद करते हुए कहा कि स्कूल का नाम उनके स्व. पिता के नाम है, लिहाजा आज का यह कार्यक्रम उन्ही को समर्पित है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहेगा।