सड़क सुरक्षा माह के तहत आरटीओ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में चालकों के नेत्र जांच करते डॉक्टर
कठुआ। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय लखनपुर द्वारा नगरी अड्डा स्थित वाहन चालकों के लिए एक जागरूकता एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
बुधवार को आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में वाहन चालक, मेटाडोर यूनियन के पदाधिकारी सहित ई-रिक्शा चालक व मालिक उपस्थित रहे। इस शिविर में बड़ी संख्या में वाहन चालकों का मेडिकल जांच कर उन्हें वाहन नियमों के बार में विस्तार से बताया गया। कैंप में उपस्थित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरिंद्र शर्मा, एआरटीओ शम्मी कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाने से देश भर में एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो जाती है।
उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य है कि वाहन चालकों को बताया जाए कि 90 फीसदी सड़क दुर्घटना लापरवाही से वाहन चालने से होती है। लिहाजा प्रत्येक वाहन चालक को नियमों को ध्यान में रखकर ही वाहन चलाना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटना में कमी आ सके और देश के नागरिकों को सुरक्षित बनाया जा सके। इस मौके पर अधिकारियों ने बच्चों के अभिभावकों से भी आह्वान किया बिना लाइसेंस बच्चों को वाहन नहीं चलाने दिया जाए और अगर कोई वाहन चलता है तो उसके पास उपयुक्त दस्तावेज होने चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने शहरवासियों से गल्त पार्किंग और गलत दिशा में सड़क पर वाहन न चलाने की अपील की है। आरटीओ ने कहा कि जिस तरह से वाहन की फिटनेस समय-समय जरूरी है, उसी तरह वाहन चालकों को फिट रहना बड़ा जरूरी है। लिहाजा सरकार द्वारा समय-समय पर लगाए जाने मेडिकल कैंप में आकर उन्हें अपने आखों के अलावा ब्लड प्रेशर आदि की जांच करवानी चाहिए।