आर्या के तहत कृषि विज्ञान केंद्र कठुआ में आयोजित कार्यक्रम विज्ञप्ति
कठुआ। योजना आर्या के तहत प्रशिक्षित कृषि उद्यमियों का कृषि विज्ञान केंद्र में एक दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान उद्यमियों को आने वाली समस्याओं पर विचार विमर्श किया और भविष्य के लिए उद्यमियों को और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति बनाई।
सम्मेलन में शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू के निदेशक प्रसार डॉ. अमरिश वैद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केवीके कठुआ के मुख्य वैज्ञानिक डॉ. विशाल महाजन ने बताया कि आर्या परियोजना के तहत युवाओं को प्रशिक्षण और सतत मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। इसके तहत युवाओं ने कृषि उद्यमिता को अपनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। उन्होंने बताया कि युवा मुख्य रूप से मशरूम उत्पादन, मशरूम का मूल्य संवर्धन, मोरिंगा, मौसमी सब्जियां, चुकंदर, पालक एवं आंवला आधारित गतिविधियों में कार्य कर रहे हैं। डॉ. अमरीश वैद ने किसानों और युवाओं से प्राथमिक कृषि के साथ-साथ द्वितीयक कृषि गतिविधियों को रणनीतिक रूप से जोड़ने का आह्वान किया। डॉ. अनामिका जम्वाल ने नए कृषि उद्यमियों को रोजगार सृजन एवं मूल्य संवर्धन के लिए पूर्ण रूप से अपनाने से पहले ऑयस्टर मशरूम की खेती को व्यावहारिक अनुभव के तौर पर शुरू करने की सलाह दी। इस दौरान एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें उद्यमियों की जिज्ञासाओं पर चर्चा की गई और केवीके के विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र पाल और डॉ. अनामिका जम्वाल द्वारा विशेष रूप से बाजार से जुड़ी प्रथाओं पर समाधान बताएंगे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमरीश वैद ने महिला उद्यमी शक्ति शर्मा और शुभ लता को एफएसएसएआई प्रमाण पत्र प्रदान किए। इसमें जिले भर से 30 से ज्यादा कृषि उद्यमी उपस्थित रहे।