- मार्च से पहले पूरा होगा मुंसिफ कोर्ट कांप्लेक्स बसोहली का निर्माण कार्य
- 5.92 करोड़ रुपये से किए जा रहे कार्य
कठुआ। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत से पहले मुंसिफ कोर्ट कांप्लेक्स बसोहली का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। अब तक मुख्य इमारत, न्यायाधीश की आवासीय सुविधा और वकीलों के चैंबर का 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। मार्च तक नयी इमारत का उद्घाटन कर दिया जाएगा।
इस एक मंजिला कोर्ट भवन में बेहतर सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा अधिवक्ताओं को चैंबर के साथ-साथ मुंसिफ न्यायाधीश के लिए आवासीय सुविधा भी मुहैया करवाई जा रही है।
मुंसिफ कोर्ट परिसर बसोहली में खस्ताहाल हो चुकी इमारत के साथ एक नए एक मंजिला कोर्ट परिसर निर्माण की मंजूरी वित्तीय वर्ष 2020-21 में दी गई थी। इस निर्माण कार्य के लिए सरकार की ओर से कुल 5 करोड़ 92 लाख 75 हजार की राशि आवंटित की गई थी। इसमें एक मंजिला कोर्ट इमारत, छह अधिवक्ताओं के चैंबर और न्यायाधीश के लिए आवासीय सुविधा का निर्माण किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नई इमारतों का ढांचागत निर्माण कार्य 90 फीसदी पूरा कर लिया गया है। शेष निर्माण कार्य फरवरी महीने के पहले-पहले पूरा कर लिया जाएगा। इसमें आवासीय क्वार्टर में टाइल वर्क्स, कोर्ट परिसर का बाहरी सुंदरता और पाथवे का निर्माण करवाना बाकी बचा हुआ है। इसके बाद नवनिर्मित इमारत में परियोजना के तहत फर्नीचर स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नवनिर्मित कोर्ट इमारत में मिलेंगी यह सुविधाएं
नवनिर्मित एक मंजिला कोर्ट भवन में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुसार न्यायाधीश के लिए कोर्ट रूम, बार रूम, पुस्कालय, लिटिगेट रूम, स्ट्रांग रूम, सभागार हॉल के साथ-साथ मालखाना, सुरक्षा गार्ड कक्ष, मीटिंग हॉल और अभियोजन पक्ष के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कोर्ट परिसर में ही छह वरिष्ठ अधिवक्ताओं के लिए चैंबरों का निर्माण भी किया गया है। इसके अलावा कोर्ट परिसर की भूमि के एक हिस्से में न्यायाधीश के लिए आवासीय सुविधा भी मुहैया करवाई जा रही है।
कोट
नए कोर्ट भवन के अलावा अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य लगभग 90 फीसदी पूरा हो चुका है। शेष निर्माण कार्य फरवरी तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद नवनिर्मित इमारत में फर्नीचर स्थापित किया जाएगा जो परियोजना का हिस्सा है। यह सारा कार्य मार्च तक हो जाएगा। इसके बाद नवनिर्मित इमारत का उद्घाटन किया जाएगा।
- कनव बाली, कनिष्ठ अभियंता लोक निर्माण विभाग