कठुआ। गणतंत्र दिवस सप्ताह के अंतर्गत वंदे मातरम् समारोह के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। सोमवार को जिले के सभी उपमंडलों में पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ इसकी शुरूआत की गई। दूसरे चरण का समापन 26 जनवरी को होगा।
इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में विशेष देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर वंदे मातरम् गीत की भावना और विरासत को सम्मान दिया गया। हीरानगर उपमंडल में नगर कमेटी, एसडीएओ कार्यालय तथा जोनल शिक्षा अधिकारी कार्यालय हीरानगर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेज हीरानगर में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन इसकी ऐतिहासिक संदर्भ और राष्ट्रीय महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर प्रो. राकेश शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् की भूमिका पर विचार रखे, जिसके बाद सामूहिक गायन हुआ। इसके अलावा हायर सेकेंडरी स्कूल कोट पुन्नू और कूटा में भी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। बनी में राजकीय गर्ल्स हाई स्कूल, शिव शक्ति ब्राइट कैंडल पब्लिक स्कूल और आईसीडीएस परियोजना बनी में विशेष कार्यक्रम में छात्रों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बिलावर उपमंडल के हायर सेकेंडरी स्कूल रामकोट में पहले दिन विशेष प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी तरह का कार्यक्रम बसोहली में भी आयोजित किया गया।