कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर की ओर से वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर एक सप्ताह भर कार्यक्रम की शुरुआत की। सोमवार को शुरू हुए कार्यक्रम से पूरा कॉलेज परिसर देशभक्ति और उत्साह के माहौल से भर गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत में शिक्षा विभाग की अध्यक्ष अंबिका ने वंदे मातरम की ऐतिहासिक महत्ता, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया। इसके बाद सेमेस्टर-6 की छात्रा ज्योति देवी ने वंदे मातरम विषय पर प्रभावशाली भाषण दिया। इस दौरान वंदे मातरम का सामूहिक पाठ भी किया गया जिसमें कॉलेज के सभी शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सामूहिक पाठ से पूरे परिसर में एकता और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बन गया। संकाय सदस्य डॉ. मोहिंद्र नाथ शर्मा ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में राष्ट्रीय मूल्यों को आत्मसात करें। कार्यक्रम का समन्वय पुस्तकालय अध्यक्ष निशा कुमारी और डॉ. सपना देवी ने कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन में किया।