कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की दो छात्राओं-समीक्षा मुस्सा और साक्षी परले ने आइडिया पिचिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। यह प्रतियोगिता भारतीय एकीकृत चिकित्सा संस्थान जम्मू के बायोनेस्ट बायोइन्क्यूबेशन सेंटर की ओर से करवाई गई थी।
राष्ट्रीय स्टार्ट-अप दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पुरस्कार प्राप्त करने वाली दोनों छात्राओं को कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. मनोहर लाल ने सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों की मेहनत, रचनात्मकता और समर्पण की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और देश के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने इस सफलता के लिए विभागीय शिक्षकों के मार्गदर्शन की भी सराहना की। इस मौके पर जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष डॉ. रुचिका शर्मा और सहायक प्राध्यापक प्रो. निशा शर्मा के अलावा वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. राकेश जसरोटिया, प्रो. जगदीश कुमार और प्रो. संदीप चौधरी भी उपस्थित रहे।