फैक्ट्री से निकाले जाने पर जिला सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते युवासंवाद
उपायुक्त से इकाई के खिलाफ कार्रवाई करने की उठाई मांग
कठुआ। औद्योगिक क्षेत्र घाटी की एक इकाई से निकाले गए स्थानीय मजदूरों ने डीसी कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया है। प्रदर्शनकारियों ने इकाई के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इकाई की ओर से उनके निष्कासन के नोटिस को रद्द कर बहाली नहीं की तो निकाले गए 180 मजदूर इकाई के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
वीरवार को उपायुक्त से मिलने पहुंच स्थानीय युवाओं ने आरोप लगाया है कि इकाई विशेष ने कुल 800 मजदूरों में से 180 मजदूरों को निष्कासन का नोटिस थमाया है। उन्होंने इसे इकाई की तानाशाही निर्णय बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर समाजसेवी सुखदेव सिंह ने आरोप लगाया कि औद्योगिक इकाई द्वारा पहले ही स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के नाम पर पहले भेदभाव किया हुआ है। कुल आठ सौ मजदूरों में से केवल 300 के करीब स्थानीय युवाओं को इकाई में रोजगार दिया हुआ और उन में से 180 युवाओं को बिना कोई कारण बताया बाहर का रास्ता दिखा रहे है, जो कि स्थानीय लोगों को हरगिज मंजूर नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कारखाना हमारी जमीन पर लगे, प्रदूषण से नुकसान हमारे वातावरण को हो पर रोजगार की प्राथमिकता बाहरी मजदूरों की दी जाए। यह कहा का इंसाफ है। प्रदर्शनकारी साहिल सूदन ने आरोप लगाया कि इकाई की मैनेजमेंट का कहना है कि घाटे के कारण मजदूर को बाहर निकाला जा रहा है, जोकि सरासर गलत तर्क दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही औद्योगिक इकाई शहर के नजदीक भागथली इलाके में एक और औद्योगिक इकाई स्थापित करने जा रही है। अगर इकाई घाटे में जा रही है तो फिर दूसरी इकाई कैसे स्थापित की जा रही है। यह हमारी सोच के बाहर के बाहर है।
वंश शर्मा ने आरोप लगाया कि इकाई मैनेजमेंट का एक ही मकसद है कि बाहरी मजदूरों को प्राथमिकता और स्थानीय युवाओं को एक समय के बाद बाहर का रास्ता दिखाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त से अपील की है कि इस इकाई विशेष पर श्रम कानूनों की अवहेलना करने के लिए कानूनी कार्रवाई की जाए और स्थानीय लोगों को इकाई में बहाली की जाए। उन्होंने बताया कि डीसी कठुआ ने इस उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर अगले दो दिनों में अगर निष्कासित मजदूर की बहाली नहीं हुई तो इकाई के गेट के बाहर स्थाई तौर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर विक्रांत शर्मा, रोहित शर्मा, अमित कुमार सहित दर्जनों युवा प्रदर्शन में उपस्थित रहे।