रावी दरिया के किनारे 16 कनाल भूमि पर पहले चरण का काम शुरू
कठुआ। जिले में परिवहन विभाग के ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण की कवायद अब जमीन पर उतरती दिख रही है। रावी दरिया के किनारे 16 कनाल भूमि पर पहले चरण का काम शुरू हो चुका है जिसे इसी माह के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। 47 लाख रुपये की लागत से हो रहे इस निर्माण में फिलहाल समतलीकरण और चहारदीवारी का काम किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग इस निर्माण को अंजाम दे रहा है और संभावना है कि निर्धारित समय में यह चरण पूरा हो जाएगा।
फिलहाल इस स्थान पर हर मंगलवार को वाहनों की फिटनेस जांच का काम शुरू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में यहीं पर ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वालों के ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। अभी तक यह प्रक्रिया आरटीओ कार्यालय के पीछे स्थित मैदान में पूरी की जाती थी। विभाग के पास अपना ट्रायल ग्राउंड न होने के कारण कभी रावी दरिया किनारे तो कभी नगरी टोल प्लाजा जैसे स्थानों पर ट्रायल कराना पड़ता था। हर मंगलवार को फिटनेस प्रमाण के लिए आने वाले सैकड़ों वाहनों की कतार लखनपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के बाहर लगती थी। हाईवे से सटे कार्यालय के बाहर इस तरह की भीड़ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा देती थी। अब ट्रायल ग्राउंड का निर्माण होने से इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
कोट
एआरटीओ शम्मी कुमार ने बताया कि अब आने वाले समय में नए नियमों के अनुसार ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर से ही लाइसेंस जारी किए जाने की प्रक्रिया संचालित होगी। ढांचागत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। बेड़िया पत्तन में प्रशासन से मिली भूमि पर प्रथम चरण का निर्माण जारी है। यहां से वाहनों की फिटनेस जांच का काम शुरू कर दिया गया है और आने वाले दिनों में ड्राइविंग टेस्ट के लिए ट्रैक भी तैयार किया जाएगा। इससे कठुआ में ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण न केवल लाइसेंस प्रक्रिया को व्यवस्थित करेगा।
- शम्मी कुमार, एआरटीओ