350 परिवारों ने 500 रुपये जमा कर बनाया ट्रैक्टर मार्ग
कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे जगतपुर पंचायत के चक गोटा के निवासियों ने बाढ़ग्रस्त मार्ग को बहाल करने का बीड़ा खुद उठाया है। स्थानीय लोगों ने प्रत्येक घर से 500 रुपये की राशि एकत्रित कर खस्ताहाल एक किलोमीटर लंबे मार्ग को ट्रैक्टर मार्ग बनाया है।
स्थानीय आमिर अली ने बताया कि अगस्त महीने में मग्गर खड्ड में आई बाढ़ से इस बस्ती की सारी सड़क बह गई थी। इसके बाद इसकी मरम्मत और बहाली को लेकर कई बार जिला प्रशासन और सरकार के संज्ञान में लाया लेकिन कोई कार्रवाई न होते देख स्थानीय ने खुद इसे बहाल करने का निर्णय लिया। आमिर अली ने बताया कि इस बस्ती में कुल 350 परिवार रहते हैं। बाढ़ से खस्ताहाल हुई सड़क से न केवल स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में मुश्किल हो रही थी बल्कि बीमार पड़ने पर लोगों एक किलोमीटर पैदल खड्ड के बीचोबीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर आना पड़ता था। हालांकि सरकार ने बाढ़ग्रस्त प्रभावितों के लिए पांच मरला प्लाट और क्षतिग्रस्त सड़के को बहाल करने का आश्वासन दिया था लेकिन तीन महीने बीतने के बाद इलाके की सड़क को बहाल नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि उनकी सिर्फ इतनी मांग थी कि इस मार्ग को ट्रैक्टर रोड बना दिया जाए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने प्रत्येक परिवार से राशि एकत्रित कर इस मार्ग को बहाल किया है। उन्होंने बताया कि मग्गर खड्ड से जेसीबी लगाकर मलबा उठाकर ट्रैक्टर की मदद से सड़क पर डाला गया और बाद में जेसीबी से समतल कर चलने लायक मार्ग की बहाली की है।