कठुआ। किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) सहित एएलसी और उपभोक्ता फोरम के प्रस्तावित स्थानांतरण के खिलाफ वकीलों की हड़ताल लगातार जारी है। शुक्रवार को भी वकीलों ने जिला परिसर के भीतर सभी न्यायालयों में कामकाज को ठप रखा। वहीं, वकीलों का कहना है कि यह जुलाई 12 तक रहेगी। हालांकि अतिआवश्यक मामलों की सुनवाई के दौरान अधिवक्ताओं की इक्का-दुक्का उपस्थिति देखी गई।
बता दें कि बीते 28 जून से ही बार एसोसिएशन तीन अदालतों को शहर से बाहर नगरी स्थित आबकारी विभाग की खाली पड़ी इमारत में स्थानांतरित करने के प्रस्तावित निर्णय के खिलाफ हड़ताल कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से कोई स्पष्टीकरण न मिलने से बुधवार को वकीलों ने इस हड़ताल को आगे बढ़ाकर 12 जुलाई तक जारी रखने की घोषणा कर दी थी। हड़ताली वकीलों का कहना है कि असिस्टेंट लेबर कोर्ट, उपभोक्त फोरम और किशोर न्याय बोर्ड को शहर से बाहर 15 किलोमीटर दूर स्थानांतरण करने के खिलाफ हैं। इससे न केवल इन न्यायालयों में न्याय पाने के लिए आने वाले फरियादियों की समय की बर्बादी होगी, बल्कि इससे उन्हें वित्त नुकसान भी उठाना पड़ेगा। लिहाजा वकील जिला प्रशासन से प्रस्तावित निर्णय को रद्द कर सभी अदालतों को न्यायालय परिसर के आसपास ही कार्यात्मक बनाने की वकालत कर रहे हैं।