कठुआ। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर एडीसी बसोहली ने बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। वीरवार को आयोजित बैठक में एडीसी पंकज भगोत्रा ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली में होगा। इसके लिए उन्होंने मुख्य स्थल पर जरूरी प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी है।
बैठक में स्थल की सफाई की जिम्मेदारी ईओ म्यूनिसिपल कमेटी को सौंपी और सहायक कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग वीरेंद्र को मैदान की मार्किंग करवाने को निर्देश दिए हैं। उन्होंने ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजनीश शर्मा को निर्देश दिए कि 21 जून को योग सत्र के दौरान कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार किट तथा डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि इमरजेंसी में उनकी मदद ली जा सके।
वहीं, सूचना विभाग को साउंड सिस्टम और योग सत्र के लिए मैट व बैनर उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि आयुष विभाग के डॉ. को योग प्रशिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा पानी और बिजली की व्यवस्था के लिए जल शक्ति विभाग और बिजली विभाग के साथ-साथ एसडीपीओ को कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। इस मौके पर बसोहली विकास प्राधिकरण के सीईओ बिलावर बाबू राम, एसडीपीओ सुरेश शर्मा, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज बसोहली सुनील गुप्ता, सीडीपीओ राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 जून को सुबह 10:30 बजे वे मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में जाकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान कार्यक्रम से संबंधित जिम्मेदारियां रखने वाले विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।