कठुआ। पंचायत धनोड़ में लो-वोल्टेज और बिजली बिलों में हो रही बढ़ौतरी को लेकर स्थानीय लोग परेशानी झेल रहे हैं। वीरवार को गांव की महिलाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या के बारे अवगत करवाया। महिलाओं का कहना है कि लो-वोल्टेज से पंखा कूलर चलना तो दूर उलटे उनके घर में लगे बिजली के उपकरण खराब हो रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि अगर स्थानीय लोग बिजली का बिल दे रहे हैं तो विभाग को भी उनको पर्याप्त मात्रा में बिजली की आपूर्ति करनी चाहिए। हर महीने आठ सौ से नौ सौ के बीच बिल आ रहा है, पर उनके घरों में बिजली नहीं आ रही है।
शिष्टमंडल में शामिल वीना देवी ने बताया कि लो-वोल्टेज से न तो उनके पंखे कूलर चल पा रहे है, लेकिन बिजली के बिल है कि हर महीने बढ़कर ही आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर विभाग बिजली ही उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है, तो बिजली के बिल कैसे बढ़कर उनके घरों में आ रहे हैं। पिछले दो महीने से लाइनमैन को बार-बार कहने पर भी लो-वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जिसके चलते आज उनको मजबूरन विभाग के अधिकारियों से मिलने आना पड़ा। शीतल देवी ने बताया कि बिजली न होने से बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही हैं। बिजली की आपूर्ति नहीं होने से स्थानीय लोग दिन तो पेड़ के नीचे बैठकर गुजार लेते हैं, लेकिन रात निकालने में बड़ी मुश्किल हो रही है और यह सिलसिला पिछले दो महीनों से जारी है। उन्होंने उनके मोहल्ले के लिए एक अलग से ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने की बिजली विभाग से मांग की है। शिष्टमंडल ने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनके इलाके में बिजली व्यवस्था को सुधारा जाएगा।