शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग का काम अंतिम चरण में पहुंचा।
- फोटो : kathua news
कठुआ। नये वित्त वर्ष में शहर को मल्टी स्टोरी पार्किंग की सुविधा मिलने जा रही है। साढ़े चार करोड़ की लागत से बन रही पार्किंग का ढांचागत निर्माण कार्य मार्च महीने के अंत तक पूरा करवा लिया जाएगा। इस दो मंजिला पार्किंग में 100 कारें खड़ी करने की व्यवस्था की गई है। इससे न केवल स्थानीय लोगों को अपनी कारों को खड़ा करने के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था होगी, बल्कि इससे शहर को यातायात समस्या से निजात मिल सकती है।
मुखर्जी चौक स्थिति नगर परिषद कार्यालय के साथ बन रही मल्टी स्टोरी पार्किंग का नींव पत्थर दिसंबर 2022 में रखा गया था। वहीं, इसका निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। वर्तमान में दूसरी मंजिल के पार्किंग रैंप को टीन के साथ कवर करने के साथ-साथ ग्राउंड फ्लोर में प्लस्तर करने का काम बचा हुआ है। जिसको मार्च से पहले खत्म किया जाएगा। बता दें कि नई पार्किंग की दूसरी मंजिल खुली रखी गई है। सूत्रों के मुताबिक ढांचागत निर्माण पूरा करने के बाद नई पार्किंग में बिजली का काम करवाने के बाद इसे कार्यात्मक बनाया जाएगा।
-
पार्किंग में इस तरह की होंगी सुविधाएं
साढ़े चार करोड़ से बन रही मल्टी स्टोरी पार्किंग में एक तरफा यातायात की व्यवस्था की गई है। इसमें पुलिस थाना के पास से कारों का प्रवेश करवाया जाएगा। वहीं, पार्क कारों के निकलने की व्यवस्था रामलीला ग्राउंड की ओर से की गई है, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। नई पार्किंग में प्रत्येक मंजिल में लगभग 35 कारों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। इस पार्किंग को इस तरीके से डिजाइन किया गया है कि भविष्य में भी इसी ढांचे पर एक-दो मंजिल और बढ़ाई जा सकती है।
कोट
मार्च से पहले ही मल्टी स्टोरी पार्किंग का ढांचागत विकास को पूरा करने के लिए काम तेजी से चल रहा है। ढांचागत निर्माण कार्य खत्म होने के बाद इसी निर्धारित राशि से ही बिजली का कार्य शुरू करवाया जाएगा। यह शहर की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। जिससे शहर को यातायात की समस्या से निजात मिलेगी। उम्मीद है कि नये वित्त वर्ष में इसे कार्यात्मक बनाया जाएगा।
अमित शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद कठुआ।