पहले चरण में कठुआ जिले की 12 हायर सेकेंडरी स्कूलों को किया गया चिह्नित
-प्रत्येक हायर सेकेंडरी स्कूल के आसपास के दो से तीन किलोमीटर दायरे के प्राइमरी स्कूल मर्ज करने की तैयारी
-शिक्षा निदेशालय को भेजा गया प्रस्ताव, कम इनरोलमेंट और शिक्षकों की कमी भी होगी दूर
- बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन भी हो सकेगा सुनिश्चित
- हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक और हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरु नगरोटा में इसी साल से लगेंगी कक्षाएं
खास खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदम के तहत के-12 शिक्षा प्रणाली लागू की जाएगी। यह प्रणाली किंडरगार्टन से लेकर कक्षा 12 तक की शिक्षा को एकीकृत करती है। इसी सत्र से हायर सेेकेंडरी स्कूल कान्हा चक और हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा गुजरु में के-12 की व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
कठुआ जिले में वर्तमान में 1214 सरकारी स्कूलों में कम इनरोलमेंट और निजी स्कूलों की ओर बच्चों के रुझान को फिर सरकारी स्कूलों की ओर करने की तैयारी की जा रही है। जिले में कम इनरोलमेंट के चलते आधा दशक पहले 238 स्कूलों पर पहले ही ताला लग चुका है। वहीं 20 स्कूल जिले में बीते साल में ही कम इनरोलमेंट के चलते बंद पड़े हैं। अब शिक्षा विभाग ने तीन किलोमीटर दायरे के प्राइमरी और मिडिल स्कूलों का विलय हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ करने की तैयारी की है। नई शिक्षा नीति के पारंपरिक 10+2 ढांचे को बदलकर 5+3+3+4 संरचना लागू की जाएगी। यह 3 से 18 वर्ष तक के बच्चों को कवर करेगी। इसमें प्रारंभिक अवस्था (फाउंडेशनल स्टेज) में तीन वर्ष का प्री-स्कूल और कक्षा 1 व 2 शामिल होंगे। इसके बाद तैयारी चरण (प्रिपरेटरी स्टेज) में कक्षा 3 से 5 तक की शिक्षा होगी, जिसमें खेल, खोज और गतिविधि-आधारित शिक्षण पर जोर रहेगा।
मध्य चरण (मिडिल स्टेज) में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को गणित, कला, सामाजिक विज्ञान और मानविकी जैसे विषयों की गहन समझ दी जाएगी। वहीं, माध्यमिक चरण (सेकेंडरी स्टेज) में कक्षा 9 से 12 तक बहुविषयक अध्ययन होगा। इसमें विद्यार्थियों को रुचि और जीवन की आकांक्षाओं के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता दी जाएगी।
जिले के पहले चरण में प्रस्तावित के-12 स्कूल
- कठुआ जोन में नगरी परोल हायर सेकेंडरी स्कूल में फिलहाल नौंवी से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही हैं। के-12 में इसे शामिल किए जाने के लिए प्रस्तावित इस हायर सेकेंडरी स्कूल में हाई स्कूल नगरी परोल, मिडिल स्कूल नगरी परोल,मिडिल स्कूल आउटर तरफ पाईं, मिडिल स्कूल लखनोट, मिडिल स्कूल सैदपुर, हाई स्कूल खोख्याल, मिडिल स्कूल खोख्याल, प्राइमरी स्कूल पिथोवाला को भी शामिल किया जा रहा है। यह स्कूल हायर सेकेंडरी स्कूल नगरी परोल के तीन किलोमीटर दायरे के भीतर हैं।
- बरनोटी जोन में हायर सेकेंडरी स्कूल फोरलेन फिलहाल छठी से 12वीं कक्षा तक कक्षाएं चला रहा है। के-12 के प्रस्ताव में अपर प्राइमरी स्कूल गूडा पंडितां, जीएमएस बैरा, जीपीएस बाख्ता, पीएस बंद चंद्रयाल, पीएस मालनी, एमपीएस बाख्ता और पीएस बैरा को भी इसके साथ शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।
- लखनपुर जोन में हायर सेकेंडरी स्कूल कीड़ियां गंडियाल को के-12 बनाने की तैयारी है। इस स्कूल के साथ मिडिल स्कूल रामनगर, मिडिल स्कूल गंडियाल, जीपीएस कीड़ियां, पीएस चुंबरबस्ती, पीएस बाबे दा डेरा, पीएस गुज्जर बस्ती को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है। - सल्लन जाने के हायर सेकेंडरी स्कूल मंगलूर में नौंवी से 12वीं तक की कक्षाएं चलाई जा रही हैं। के-12 के प्रस्ताव में इसके साथ पीएमश्री जीएमएस मंगलूर, मिडिल स्कूल प्रांजलि, जीपीएस बलोट, पीएस ढोर, पीएस परम बचित्र, एनपीएस सुराह को शामिल किया जाएगा।
- मढ़ीन जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हाचक के साथ एनपीएस प्लॉट, पीएस सुल्तानपुर, पीएस ढल्ली, पीएस मेहराजपुर को शामिल करने का प्रस्ताव है।
- हीरानगर जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल चकड़ा के साथ मिडिल स्कूल मथरा चक, मिडिल स्कूल सपवालवां
और प्राइमरी स्कूल भगवाना चक को शामिल किया जाएगा। हालांकि इस स्कूल में पहले से ही पहली से 12वीं तक की कक्षाएं चल रही हैं।
- भड्डू जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा गुजरु में मिडिल स्कूल नगरोटा गुजरु, यूपीएस नगरोटा गुजरु, यूपीएस सलोर और मिडिल स्कूल कंधारनु को शामिल करने का प्रस्ताव है। इस हायर सेकेंडरी में फिलहाल नौंवी से 12वीं तक की कक्षाएं चलाई जा रही हैं।
- बिलावर जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल परनाला में हाई स्कूल मूनी, हाई स्कूल बनहोड़, मिडिल स्कूल पलैल, जीपीएस पलैल, पीएस खडोवा, पीएस कुट्ट, एमएस मूनी बी, पीएस मूनी, एमएस सेरी, जीपीएस सेरी, जीपीएस परनाला, पीएस सुनैल और मिडिल स्कूल डांबरा को शामिल करने का प्रस्ताव है। यह सभी हायर सेकेंडरी स्कूल परनाला के तीन किलोमीटर के दायर के भीतर हैं।
- महानपुर जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल महानपुर में माडल मिडिल स्कूल महानपुर, जीएमएस महानपुर, पीएस कुपड़ी, पीएस पलाही, जीपीएस रेहाल्ता, जीपीएस नौशेहरा, जीपीएस समलाड़ और मिडिल स्कूल डांबरा को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।
- बसोहली के हायर सेकेंडरी स्कूल सननघाट को के-12 में शामिल करने के बाद इसमें जीपीएस सन्ननघाट, पीएस पूडेन, पीएस पपराल, पीएस समूद, पीएस ढक्की, यूपीएस बंजी और पीएस रियाना द्रब्बड़ को शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।
- बनी शिक्षा जोन में नौंवी से 12वीं तक चल रहे हायर सेकेंडरी स्कूल बनी में जीएसएस बनी, मिडिल स्कूल बनी, यूपीएस कुंड, यूपीएस अस्सो, यूपीएस सेरू, एनपीएस लदमाह, एनपीएस किलोन को के-12 में शामिल किया गया है।
- मल्हार शिक्षा जोन के हायर सेकेंडरी स्कूल मल्हार के साथ एमएस सुर्ग, एमएस मल्हार, जीपीएस मल्हार, पीएस भाग, पीएस इच्छू को शामिल कर के-12 तैयार करने का प्रस्ताव है।