टिकरी मोड़ पर बनी बसोहली मार्ग का जारी काम संवाद
4.6 करोड़ से चल रहा काम, मरम्मत कार्य के बीच वीरवार से वाहनों को मिलेगी आवाजाही की अनुमति
सुबह 9:30 से शाम 4:30 बजे तक वाहनों को आवाजाही की नहीं है अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बनी-बसोहली राष्ट्रीय मार्ग में स्थित टिकरी मोड़ पर चल रहा मरम्मत और विस्तारीकरण कार्य अब अंतिम चरण में है। बुधवार तक इस कार्य का अधिकतम हिस्सा पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद बनी की लगभग 70 हजार आबादी को राहत मिलने जा रही है।
बीआरओ की ओर से परियोजना पर लगभग 4.6 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार वीरवार से वाहनों को दिनभर आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों और यात्रियों को राहत मिलेगी। इसके साथ-साथ छोटे-मोटे काम पूरे किए जाएंगे। फिलहाल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इस दौरान निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए मशीनरी और श्रमिक लगातार तैनात हैं।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर यातायात सुगम होगा। बता दें कि बीते साल अगस्त में भारी बारिश के दौरान टिकरी मोड़ पर जमीन का एक बड़ा हिस्सा बह गया था। इससे बनी बसोहली के बीच सड़क संपर्क एक महीने से भी अधिक समय तक भंग रहा। इससे इलाके की बड़ी आबादी को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। बीते साल के अंत से ही वैकल्पिक रूप से तैयार सिंगल मार्ग से एक समय पर एक ही वाहन गुजरने की व्यवस्था की गई थी। बीआरओ ने इसको देखते हुए बरसात से पहले स्थायी व्यवस्था को लेकर यह काम शुरू करवाया है।