पशुपालन और नगर परिषद की टीम शहर में लावारिस मवेशियों को पकड़ते हुएसंवाद
- जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित पशुपालन विभाग और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शुरू की कार्रवाई
- शहर में आम लोगों के लिए आतंक का पर्याय और हादसों का करण बनने वाले मवेशियों को गौशाला में किया जा रहा है शिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में लावारिस मवेशियों के कारण पेश आ रही समस्या से अब निजात मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाते हुए पशुपालन विभाग, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर दी है। टीम ने शहर में जहां-तहां जमावड़ा लगाने वाले मवेशियों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
शनिवार को पुलिस लाइन रोड पर टीम ने कार्रवाई की शुरुआत की। दोपहर तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम और मवेशियों के बीच दौड़-भाग का सिलसिला चलता रहा। पकड़े गए मवेशियों को पशुपालन विभाग के लिफ्ट युक्त विशेष वाहन के जरिए भागथली स्थित गोशाला पहुंचाया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि सैकड़ों की संख्या में मौजूद लावारिस मवेशियों के कारण सड़क पर चलने वाले वाहन और लोग असुरक्षित महसूस करते थे। अब इन मवेशियों को गोशाला में शिफ्ट किया जा रहा है, जो सराहनीय कदम है। हालांकि लोगों ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहनी चाहिए जब तक शहर पूरी तरह लावारिस मवेशियों की समस्या से मुक्त न हो जाए।
नगर परिषद कठुआ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा ने बताया कि गत दिनों डीसी कठुआ ने इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पशुपालन विभाग और नगर परिषद की टीम ने मवेशियों को गोशाला पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है, जिसमें पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में लावारिस मवेशियों के साथ-साथ ऐसे मवेशी भी सड़कों पर घूमते पाए जा रहे हैं जिन्हें उनके पालक दूध निकालने के बाद छोड़ देते हैं। ऐसे पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों को बांधकर रखें। यदि ऐसे मवेशी टीम द्वारा पकड़े जाते हैं तो संबंधित पशुपालकों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।