तहसील मढ़ीन से सटे गांव मंडाला में सोमवार से पांच दिवसीय हरिनाम सम्मेलन का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। तहसील मढ़ीन से सटे गांव मंडाला में सोमवार से पांच दिवसीय हरिनाम सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन के पहले दिन क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भक्ति और श्रद्धा का माहौल बनाया।
सम्मेलन के दौरान कथा वाचक गंगाधर जी महाराज ने राम कथा और श्रीमद् भागवत कथा के श्लोकों का विस्तार से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म और भक्ति का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब धरती पर पाप बढ़ता है, तब-तब भगवान किसी न किसी रूप में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं और अधर्म का नाश करते हैं।
महाराज जी ने लोगों को अपने जीवन में अच्छे कर्म अपनाने, सत्य के मार्ग पर चलने और भगवान के नाम का निरंतर स्मरण करने की प्रेरणा दी। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के अनुसार हरिनाम सम्मेलन अगले पांच दिनों तक जारी रहेगा जिसमें प्रतिदिन भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।