संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में पंचायत मतदाता सूचियों का वार्षिक पुनरीक्षण शुरू होने जा रहा है। जिला पंचायत चुनाव अधिकारी (उपायुक्त कठुआ) ने इस संबंध में एक सार्वजनिक सूचना जारी की है। पिछली अद्यतन मतदाता सूची को आधार मानते हुए 1 अप्रैल 2026 को पात्रता तिथि निर्धारित की गई है।
अधिसूचना के अनुसार पुनरीक्षण कार्यक्रम में 27 मार्च 2026 को एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। 27 मार्च से 29 अप्रैल 2026 दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि (नाम जोड़ने, हटाने, सुधार व स्थानांतरण के लिए) निधार्रित की गई है। विशेष शिविर 4, 5, 11, 12, 18, 19, 25 और 26 अप्रैल को पंचायत चुनाव बूथ अधिकारियों और विधानसभा बीएलओ की उपस्थिति में शिविर आयोजित होंगे। 8 मई 2026 तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाना है जबकि 15 मई 2026 (शुक्रवार) को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला पंचायत चुनाव अधिकारी ने सभी हितधारकों से अपील की है कि वे इस वार्षिक पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें ताकि अधिकतम पात्र मतदाताओं का नाम पंचायत मतदाता सूची में दर्ज हो सके।