ग्रामीण विकास विभाग ने संबंधित जूनियर इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस किया जारी
वॉलीबाल कोर्ट की उद्घाटन के चार महीने के भीतर ही बिगड़ गई थी दशा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कठुआ/बिलावर। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल धार डुगनु में युवा प्रतिभागाओं के लिए बनवाए गए वॉलीबॉल कोर्ट की गुणवत्ता मामले की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो से करवाने का दावा किया गया है। मामला संज्ञान में आने के बाद बिलावर विधायक ने कार्यकारी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए विधानसभा में मामला उठाने के साथ ही इस तरह के विकास कार्यों के उद्घाटन न करने तक की बात कह दी है। घटिया गुणवत्ता से धार डुगनू में तैयार वॉलीबाल कोर्ट का मामला अमर उजाला की ओर से उठाया गया था।
शनिवार को बिलावर विधायक ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए ग्रामीण विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता से इस तरह के कार्यों को लेकर दो टूक सवाल किया। कड़ी फटकार लगाई और कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के घटिया कार्यों की जांच एसीबी से करवाई जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया कि ऐसे कार्यों से प्रतिनिधियों की साख को भी नुकसान पहुंचता है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के इस भ्रष्टाचार पर उन्होंने मामले की जांच करवाने के साथ ही विधानसभा में भी मामला उठाने की चेतावनी दी है।
विधायक ने बताया कि निर्देश का मुख्य उद्देश्य हायर सेकेंडरी स्कूल में बनाए गए वॉलीबॉल कोर्ट के कार्य की विश्वसनीयता बनाने और सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि इसके बाद भी सरकार जांच नहीं करवाती और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करते तो साफ है कि सरकारी अधिकारी और ठेकेदारों की भी मिलीभगत है। ग्रामीण विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और संबंधित जूनियर इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि वॉलीबाल कोर्ट गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद जांच करवाई जा रही है।