नगरी में वजूह पर तीन दशक पुराने फुटब्रिज की भी सुधरेगी दशा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर में यातायात और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने नहर पर एक और पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वार्ड नंबर 21 कठुआ में नहर पर 15 मीटर स्पैन का सिंगल लेन पुल तैयार किया जाएगा। इसके लिए 86 लाख 31 हजार रुपये की राशि कैपेक्स बजट के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
पुल के निर्माण से रामनगर और ऋषिनगर क्षेत्रों को सीधा सावन चक से जुड़ने का अवसर मिलेगा। अगले एक साल में इसी नहर पर यह तीसरा पुल होगा। इससे पहले रेडियो स्टेशन और हाउसिंग कॉलोनी के पास पुलों के निर्माण की प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है।
उधर, नगरी कसबे में स्थित फुटब्रिज की दशा सुधारने की योजना भी बनाई गई है। यह पुल अस्सी के दशक में बना था और पिछले तीन दशकों से कसबे की आबादी को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है। यह पुल वजूह नाले के दोनों ओर बसे लोगों के लिए जीवनरेखा साबित हुआ है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में इसकी अप्रोच सड़क खराब हो गई थी, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब इसे स्थायी रूप से बहाल करने के लिए 33 लाख 17 हजार रुपये की राशि कैपेक्स बजट के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
इन दोनों परियोजनाओं से कठुआ शहर और आसपास के क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, साथ ही लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कठुआ विधायक डॉ भारत भूषण ने बताया कि चुनाव के दौरान लोगों से किए गए वादों के अनुरूप महत्वपूर्ण परियोजनाओंं को लेकर कवायद शुरू हो चुकी है। जल्द ही वजूह के पुल की मरम्मत हो जाएगी तो वहीं शहर में यातायात व्यवस्था की सुविधा के लिए एक और सिंगल लेन पुल कठुआ नहर पर तैयार होगा।
.....