खुडवा में खस्ताहाल लकड़ी का पुल दिखाते हुए स्थानीय लोगजागरूक पाठक
हल्ला, चोंचली और घट्ट गांव जाने वाले लोगों के लिए एकमात्र सहारा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बनी उपमंडल के लोवांग से सटे खुड़वां क्षेत्र में लकड़ी का पुल जर्जर हालत में है और यह किसी भी समय गिर सकता है। लोगों का कहना है कि यह पुल रौलका को जाने वाला पुराना रास्ता है। मौजूदा समय में यह पुल हल्ला, चोंचली और घट्ट गांव जाने वाले लोगों के लिए एकमात्र सहारा है। आज भी गांवों में बसे लोग पुल से आवाजाही करते हैं। लोगों ने इसकी मरम्मत की मांग की है।
स्थानीय जसवंत सिंह और रोहित का कहना है कि पुल की हालत इतनी खराब है कि यदि एक बार में 5 से 7 लोग इससे गुजरते हैं तो इस तरह हिलता है मानो तुरंत नीचे गिर जाएगा। नॉर्थ लोवांग के खुड़वा क्षेत्र में स्थित इस पुल जानवरों और घोड़ों की आवाजाही के लिए भी इस्तेमाल होता है जिससे इसकी स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
पिछले पांच वर्षों से ग्रामीण लगातार इस पुल की मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं। स्थानीय विधायक सोशल मीडिया पर बनी क्षेत्र के विकास की बात करते हैं लेकिन इस पुल की दशा सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल लोगों के दैनिक जीवन और आवागमन की सुविधा से जुड़ा हुआ है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को तत्काल इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण की दिशा में कदम उठाने चाहिए।