मुख्य बाजार, सुकराला सड़क और कस्बे से बहने वाली नालियों की साफ-सफाई की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। नवरात्र से पहले नगर कमेटी ने बिलावर कस्बे में शुक्रवार को विशेष सफाई अभियान चलाया। सफाई कर्मचारियों ने मुख्य बाजार में नालियों की साफ-सफाई का काम किया। कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र पाल सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान में मुख्य बाजार, सुकराला सड़क और कस्बे से बहने वाली नालियों की साफ-सफाई की गई।
कर्मचारियों ने सफाई अभियान के बाद कस्बे में छिड़काव भी किया। कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि आगामी 19 मार्च से नवरात्र पर्व शुरू हो रहा है। इस दौरान हजारों की संख्या में अलग-अलग इलाकों के श्रद्धालु बिलावर से होकर माता सुकराला देवी के दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। अधिकारी ने बताया कि नवरात्र से पहले कस्बे की पूरी तरह से साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्र पर्व के दौरान भी साफ सफाई का कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा। अधिकारी ने लोगों से आह्वान किया कि कचरा इधर-उधर न फेंके और नगर कमेटी की ओर से लगाए गए कूड़ेदानों में ही कूड़ा डालें।
नगर कमेटी बिलावर के सफाई कर्मचारियों के लिए उप जिला अस्पताल परिसर में शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। उप जिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों ने सभी सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की और जरूरतमंदों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई।