कठुआ। स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत मेडिकल कर्मचारियों ने वीरवार को हीरानगर में वेतन कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। जम्मू कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेशभर में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
संघ के नोटिफिकेशन के अनुसार, गैर-राजपत्रित मेडिकल कर्मचारियों के ढाई दिन के वेतन की कटौती को कर्मचारियों ने अन्यायपूर्ण बताया। इसके विरोध में 12 मार्च को सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सांकेतिक हड़ताल रखी गई। प्रदर्शन में शामिल सुनील कुमार, सुशांत कुमार और रामप्रसाद ने बताया कि हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।