काव्य शलाका में सुमित शर्मा की प्रतिभा से प्रभावित हुए निर्णायक
कांचीपुरम के श्रीचंद्रशेखरेंद्र सरस्वती विश्व महाविद्यालय में राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से आए संस्कृत के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नई दिल्ली के केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित 63वें अखिल भारतीय शास्त्रोत्सव के तृतीय दिवस पर प्रतियोगिताओं का क्रम जारी रहा। कांचीपुरम के श्रीचंद्रशेखरेंद्र सरस्वती विश्व महाविद्यालय में चल रहे राष्ट्रीय आयोजन में देशभर से आए संस्कृत विद्यार्थियों ने शास्त्रज्ञान की उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया।
वीरवार को आयोजित कार्यक्रमों में काव्य शलाका प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। इसमें चूड़ामणि संस्कृत संस्थान, विश्वस्थली (बसोहली) के मेधावी विद्यार्थी सुमित शर्मा ने चम्पू रामायण विषय पर अपनी अद्भुत स्मृति शक्ति और व्याख्या कौशल का परिचय दिया। उन्होंने श्लोकों का सटीक स्मरण करते हुए उनका स्पष्ट और प्रभावशाली भावार्थ प्रस्तुत किया।
सुमित शर्मा की प्रस्तुति से निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित हुए। निर्णायकों ने शास्त्रीय प्रतिभा देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और विद्यार्थी को निरंतर अध्ययन और अभ्यास करते रहने के लिए प्रेरित किया। चूड़ामणि संस्कृत संस्थान के आचार्यगण और गुरुकुल परिवार ने आशा व्यक्त की है कि सुमित शर्मा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।