संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। मौसम के करवट लेते ही बुधवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। इससे मौसम सुहाना हो गया। आमजन ने उमस भरी गर्मी से राहत ली। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक बारिश होने की संभावना जताई है।
धूप नहीं खिलने से पिछले एक हफ्ते से पड़ रही गर्मी से आमजन को राहत मिली और दिनभर आसमान में बादलों ने डेरा डाले रखा। किसान रोशन लाल, विजय कुमार, सुभाष चंद्र और श्याम दत्त ने बताया कि मौजूदा समय में लगाई गई गेहूं की फसल के लिए बारिश की जरूरत है। किसानों ने बताया कि इलाके में बारिश नहीं होने के कारण गेहूं की फसल पीली पड़ने लगी है। बुधवार को इलाके का अधिकतम तापमान 22 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया।