हीरानगर में सीआरपीएफ ने युवओं को दिया प्रशिक्षण जागरूक पाठक
- फोटो : Archive
कोचिंग और शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, युवाओं को मिला प्रोत्साहन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सीआरपीएफ की 24वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने हीरानगर समूह केंद्र में आयोजित कोचिंग और शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हो गया। यह विशेष प्रशिक्षण 18 फरवरी से 9 मार्च तक भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत चलाया गया।
इसमें कूटा, पट्टा रसाना, कनाह, बांदी और माया के गांवों से कुल 20 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। युवाओं ने प्रतिदिन विशेष प्रशिक्षकों से कोचिंग और शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण लिया। खास तौर से यह प्रशिक्षण उन्हें विभिन्न बलों में भर्ती प्रक्रिया के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मदद करेगा। प्रशिक्षण हासिल कर रहे युवाओं ने सीआरपीएफ का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम नियमित समय पर आयोजित होने चाहिए जो भर्ती के लिए युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन से राह आसान करते हैं।
मुख्य अतिथि द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार यादव ने अभ्यर्थियों को ट्रैक सूट, टोपी, मोजे, स्पोर्ट शूज और प्रमाण पत्र वितरित कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर एफ/24वीं वाहिनी के समन्वय अधिकारी निरीक्षक शेख ख्वाजा महीद्दीन, उपनिरीक्षक रमेश देव वर्मा और उपनिरीक्षक पंकज लोचन देहुरी उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी दी और समाज में फैल रही नशे की प्रवृत्ति व अन्य बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी।