संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे के विरुद्ध जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट शुक्रवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन साईं इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान में किया जा रहा था। इस प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में छन्न मोरियां की टीम ने स्वास्थ्य विभाग हीरानगर की टीम को 26 रनों से हराकर खिताबी जीत हासिल की।
टूर्नामेंट का उद्घाटन इससे पूर्व विधायक हीरानगर एडवोकेट विजय शर्मा द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता की खासियत यह रही कि इसमें हीरानगर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की टीमों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों जैसे राजस्व, स्वास्थ्य और पीएचई की टीमों ने भी भाग लिया। कुल 16 टीमों ने इस खेल उत्सव में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के अवसर पर तहसीलदार हीरानगर अनूप कुमार, बीएमओ हीरानगर डॉ. स्वामी शरण, जेकेसीए (जेकेसीए) के मुख्य चयनकर्ता सरबजीत सिंह और साईं इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन राजन गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में खेल एक सशक्त माध्यम हैं। इस तरह के आयोजनों से न केवल युवाओं का शारीरिक विकास होता है, बल्कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन में अनुशासन अपनाएं और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाएं।