संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। उपायुक्त राजेश शर्मा ने जेकेएसएसबी परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स में बैठक की। वाइल्डलाइफ गार्ड पद के लिए लिखित परीक्षा 8 मार्च को दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में पेयजल, बिजली आपूर्ति, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल और वीडियोग्राफी पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों के बीच समन्वय पर जोर देते हुए अधिकारियों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और उम्मीदवारों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जेकेएसएसबी के रिसोर्स पर्सन पंकज कुमार ने बैठक में परीक्षा से पूर्व और परीक्षा दिवस पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जाएगी। बैठक में जीएम डीआईसी, एडीसी, आरटीओ, सीईओ, डीएसपी डीएआर सहित अन्य अधिकारी, अधीक्षक और ऑब्जर्वर उपस्थित रहे।